????निजी कोष से राहत सामग्री वितरित कर दिया सहारा
????सरकारी सहायता, मुआवजा और आवास से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी दिलाएंगी नगर सभापति
समाचार विचार/खगड़िया: मथुरापुर में चार दिन पूर्व हुए भीषण अग्निपीड़ित के बाद पीड़ित परिवारों की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। इस अग्निपीड़ित में पाँच परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे उनके सिर से छत छिन गई और वर्षों की मेहनत की कमाई पल भर में नष्ट हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद नगर परिषद खगड़िया की नगर सभापति अर्चना कुमारी ने मथुरापुर पहुँचकर अग्निपीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका दुख-दर्द साझा किया। नगर सभापति ने अग्निपीड़ित परिवारों को अपने निजी कोष से राहत सामग्री वितरित की। राहत सामग्री में दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुएँ शामिल थीं, जिससे पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में तात्कालिक राहत मिल सके। नगर सभापति ने प्रत्येक परिवार से अलग-अलग बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि वे इस संकट की घड़ी में अकेले नहीं हैं।

अचानक लगी आग से बर्बाद हो गया पांच परिवार
स्थानीय लोगों के अनुसार, चार दिन पूर्व मथुरापुर में अचानक लगी आग ने कुछ ही समय में पाँच घरों को अपनी चपेट में ले लिया था। आग इतनी भयावह थी कि घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर, नकदी और जरूरी कागजात तक जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं और उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने इस दौरान कहा कि अग्निकांड जैसी घटनाएँ किसी भी परिवार के लिए सबसे बड़ी त्रासदी होती हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की मदद करना केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक मानवीय कर्तव्य भी है।














