तहकीकात: शनिवार को ही लिखी गई थी गिरिराज सिंह को बेइज्जत करने की स्क्रिप्ट
-
रविवार को काला झंडा दिखाने और नारेबाजी ही नहीं बल्कि पुतला दहन की भी थी तैयारी
-
समाचार विचार के हाथ लगा है भाजपा के दो गुटों के कार्यकर्ताओं की बातचीत का ऑडियो क्लिप
समाचार विचार/बेगूसराय: भले ही अभी लोकसभा चुनाव के तारीख की विधिवत घोषणा नहीं हुई है लेकिन बेगूसराय की राजनीति का तापमान जरूर बढ़ गया है। “तहकीकात: शनिवार को ही लिखी गई थी गिरिराज सिंह को बेइज्जत करने की स्क्रिप्ट” रविवार को बछवाड़ा के रानी गांव के समीप बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह को काला झंडा दिखाए जाने के वाकये के बाद अब यह आशंका सच्चाई में तब्दील हो चुकी है कि बेगूसराय जिला भाजपा में सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। पहले पर्दे के पीछे सांसद गिरिराज सिंह और राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा की अदावत की चर्चा हुआ करती थी लेकिन रविवार की घटित घटना अब सार्वजनिक जगहों पर कही सुनी जा रही है। सक्रिय राजनीति की कुटिलताओं से अनजान आम लोगों में अब यह चर्चा आम हो गई है कि बेगूसराय जिला भाजपा की ऐसी फजीहत होती रही तो बेड़ा गर्क होना निश्चित है। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले सांसद गिरिराज सिंह को काला झंडा दिखाए जाने के बाद भले ही भाजपा नेताओं के द्वारा इस कृत्य का जिम्मेवार सीपीआई और राजद कार्यकर्ताओं को बता कर मामले के पटाक्षेप करने की कोशिश की जा रही हो, लेकिन आम जनमानस में पुरजोर विरोध का नेतृत्व कर चर्चा में आए आरएसएस कार्यकर्ता विनोद कुमार के कृत्य को राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा से जोड़कर देखा जा रहा है। सक्रिय आरएसएस कार्यकर्ता विनोद कुमार ने विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरिराज सिंह पर व्यक्तिगत रूप से जमकर भड़ास निकाली और सांसद के रूप में उनकी कार्यशैली की सार्वजनिक आलोचना की। कुछ ही देर में सांसद के विरोध की यह खबर राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेंड करने लगी। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर गिरिराज सिंह के समर्थकों ने इस पूरे प्रकरण को राकेश सिन्हा से जोड़ कर इसे राजनीतिक क्षरण का दौर बताया।
शनिवार को ही लिखी गई थी गिरिराज सिंह को बेइज्जत करने की स्क्रिप्ट
गौरतलब हो कि समाचार विचार को भाजपा के इन दो गुटों के सक्रिय कार्यकर्ताओं के बीच हुई बातचीत का एक अहम ऑडियो क्लिप हासिल हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गिरिराज सिंह को सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने का स्क्रिप्ट शनिवार को ही लिखा गया था। केवल काला झंडा दिखाना और मुर्दाबाद के नारे लगाना ही रणनीति का हिस्सा नहीं था, बल्कि गिरिराज सिंह का पुतला दहन करने की भी तैयारी की जा चुकी थी। ऑडियो क्लिप में एक कार्यकर्ता दूसरे कार्यकर्ता से रविवार के दिन गिरिराज सिंह का पुतला दहन करने में मदद की अपील करते सुने जा रहे हैं जबकि दूसरे कार्यकर्ता इसका प्रतिकार करते हुए इसे दल विरोधी कृत्य बता रहे हैं। रविवार की देर शाम भाजपा के शीर्ष सूत्रों में से एक ने बताया कि उनमें से एक पदाधिकारी को पदमुक्त भी कर दिया गया है।
उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विनोद कुमार का आरएसएस से है पुराना जुड़ाव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पारिवारिक पृष्ठभूमि से ताल्लुकात रखने वाले अविवाहित विनोद कुमार रानी 3 पंचायत के मूल निवासी हैं। वे 1982 में आरएसएस के सेकेंड ईयर ओटीसी ट्रेंड कार्यकर्ता हैं। बेगूसराय के मिनी मास्को के नाम से विभूषित होने वाले दौर से वे भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने गिरिराज सिंह के काफिले को रोककर काला झंडा दिखाने और जमकर नारेबाजी करने के बाद दूरभाष पर समाचार विचार को बताया कि गिरिराज सिंह संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए कलंक साबित हुए हैं। उनके अपार बहुमत से जीतने के बाद संसदीय क्षेत्र के लोगों की उनसे अपेक्षाएं काफी बढ़ गई थी, लेकिन वे अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे। विनोद कुमार ने कहा कि वे चापलूसों और कमीशनखोर से घिरे हुए हैं। उनके पास इस तथ्य को प्रमाणित करने के लिए पुख्ता सुबूत हैं कि संसदीय क्षेत्र में जितने भी विकास के कार्य हुए हैं, उनमें उनका बीस प्रतिशत कमीशन पहले ही भुगतान कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि उनके अराजक सांसद प्रतिनिधि ने तो हद ही पार कर के रख दिया है। अवसरवादी, भ्रष्टाचारी और कमीशनखोर कुनबों को प्रश्रय देने वाले सांसद गिरिराज सिंह की वजह से बेगूसराय भाजपा बदनाम हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस गोविंदपुर 3 पंचायत ने उन्हें सर्वाधिक वोट देकर उन्हें सिर आंखों पर बिठाया था, आज वहां की जनता को उन्होंने ठगने का काम किया है। उन्होंने इस गांव को गोद लेकर विकास का दिवास्वप्न दिखाया था लेकिन आज तक इस गांव को इन्होंने एक अदद चापाकल भी नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि हमारा विरोध तो अभी शुरू ही हुआ है। हम संसदीय क्षेत्र के लोगों के इनके काले कारनामों की असलियत को दिखाने के लिए अब अभियान की शुरुआत करेंगे।
🎯इनसे मिलिए: आरएसएस के विनोद कुमार के नेतृत्व में ही गिरिराज सिंह की हुई फजीहत
🎯गिरिराज सिंह का काफिला रोक कर लगाया मुर्दाबाद का नारा
Author: समाचार विचार
Post Views: 4,887