📍जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता हेतु 22 सितंबर तक होगा खिलाड़ियों का निबंधन
📍20 से अधिक खेल विधाओं में प्रतिभागियों को मिलेगा मौका; मशाल-2026 के मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण भी शुरू

समाचार विचार/बेगूसराय: जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने शारीरिक शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से अब तक प्राप्त खिलाड़ियों के निबंधन फॉर्म की समीक्षा की गई और अधिक से अधिक खिलाड़ियों का निबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रखंडवार खिलाड़ियों के निबंधन की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जिला खेल पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों से प्राप्त निबंधन फॉर्म की जानकारी ली। विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अधिक से अधिक योग्य खिलाड़ियों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निबंधन कराया जाए। खिलाड़ियों का निबंधन 18 सितंबर से 22 सितंबर 2026 तक निर्धारित है।
20 से अधिक खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, भारोत्तोलन, बास्केटबॉल, कराटे, शतरंज, हैंडबॉल, बुशु, रग्बी, क्रिकेट, योग, कुश्ती, सेपक टाकरा, हॉकी, तीरंदाजी सहित विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन कराया जाएगा।
22 सितंबर तक जमा करने होंगे आवश्यक दस्तावेज
प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों के निबंधन के लिए विद्यालयों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रपत्र तैयार करना होगा। इसमें निबंधन प्रमाण-पत्र, योग्यता प्रमाण-पत्र, फोटो प्रमाणक, विगत वर्ष का अंक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, विद्यालय के उपस्थिति पंजी की छायाप्रति तथा सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। सभी प्रपत्र तीन प्रतियों में तैयार कर एक मूल एवं दो छायाप्रति के साथ विद्यालय प्रधान द्वारा समेकित कर अग्रसारण प्रमाण-पत्र सहित 22 सितंबर 2026 तक कार्यालय, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा (जिला खेल कार्यालय), बेगूसराय में जमा कराना सुनिश्चित किया गया है।

मशाल-2026 के मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
मशाल-2026 प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण भी सोमवार से खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में शुरू हुआ। प्रशिक्षण 21 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक पूर्वाह्न 10:30 बजे से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय सभी मास्टर ट्रेनरों के साथ प्रखंड स्तरीय नोडल शिक्षक भी शामिल हुए। प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित शिक्षकों को आवश्यक जानकारी और जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है।
Begusarai Locals









