पटना और मुंगेर प्रमंडल की टीमों के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबला पर अब सबकी निगाहें टिक गई हैं। गांधी स्टेडियम बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 में फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है।
🏏 सेमीफाइनल में पटना ने मगध और मुंगेर ने तिरहुत को दी करारी शिकस्त
🥎 आखिरी गेंद तक चला रोमांच, अब फाइनल पर टिकी निगाहें
समाचार विचार/बेगूसराय: गांधी स्टेडियम बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 में फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबला पटना और मुंगेर प्रमंडल की टीमों के बीच खेला जाएगा। दूसरे दिन खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों में पटना ने मगध को पराजित किया, जबकि मुंगेर ने तिरहुत को आखिरी गेंद पर शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग बिहार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन गांधी स्टेडियम और रिफाइनरी स्टेडियम में कई मुकाबले खेले गए।
आखिरी गेंद तक चला रोमांच, मुंगेर ने तिरहुत को हराया
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला मुंगेर और तिरहुत प्रमंडल के बीच खेला गया। गांधी स्टेडियम में खेले गए इस सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तिरहुत की टीम 15 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। तिरहुत की ओर से सचिन सहनी ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। मुंगेर की ओर से प्रेम कांत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम ने मुकाबले को अंतिम गेंद तक पहुंचा दिया और आखिरी गेंद पर जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया। मुंगेर की ओर से प्रेम कांत, सत्यम और उत्कर्ष ने 21-21 रन का योगदान दिया। वहीं, तिरहुत की ओर से सचिन और आयुष ने दो-दो विकेट हासिल किए। गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान देने वाले प्रेम कांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पटना ने मगध को हराकर बनाई फाइनल में जगह
दूसरे सेमीफाइनल में पटना प्रमंडल की टीम ने मगध को एकतरफा अंदाज में पराजित किया। टॉस जीतकर पटना ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मगध की टीम 15.3 ओवर में महज 80 रन पर सिमट गई। पटना की ओर से दिवाकर और कुमार धीरेंद्र सेन ने घातक गेंदबाजी की। दिवाकर ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि कुमार धीरेंद्र सेन ने तीन ओवर में नौ रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम ने महज 10 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान दिवाकर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

मुंगेर ने कोसी को 18 रन से दी शिकस्त
सेमीफाइनल से पहले दिन के शुरुआती मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल ने कोसी प्रमंडल को 18 रन से हराया। गांधी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की टीम ने 14.5 ओवर में 131 रन बनाए। अवनीश मनोज पोद्दार ने 35 गेंदों पर 54 रन की शानदार पारी खेली। कोसी की ओर से प्रियांशु, ओमकार और कपिलदेव ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोसी की टीम 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 113 रन ही बना सकी। मुंगेर के अंकेश यादव ने तीन ओवर में महज 15 रन देकर दो विकेट झटके। शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए अवनीश मनोज पोद्दार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

तिरहुत ने दरभंगा को 21 रन से हराया
रिफाइनरी स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा को 21 रन से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत की टीम ने 16 ओवर में नौ विकेट खोकर 130 रन बनाए। हिमांशु लाल और अभिनव गुप्ता ने 25-25 रन बनाए, जबकि सचिन सहनी ने 16 रन का योगदान दिया। दरभंगा की ओर से सुधांशु ने तीन विकेट लिए। अनिकेत और हासिर निजाम को दो-दो सफलताएं मिलीं। जवाब में दरभंगा की टीम 16 ओवर में नौ विकेट पर 109 रन ही बना सकी। शाश्वत गिरधर वत्स ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। तिरहुत की ओर से मनी कौशल और सचिन सहनी ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सचिन सहनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

खेल आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता के दौरान जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारना तथा उनमें अनुशासन, एकता और सद्भावना की भावना विकसित करना है। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उद्घोषक एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने निभाई। प्रतियोगिता में राजीव कुमार मिश्रा (बक्सर) और दीपक कुमार (खगड़िया) ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि राम और मंतोष ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, मणिकांत, ब्रजेश, शुभम, रितेश सहित अन्य खेलकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अब प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में पटना और मुंगेर की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों की नजरें ट्रॉफी पर टिकी हैं।
Begusarai Locals
📍बेगूसराय में एनडीए की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा





