बेगूसराय में गूंजा बल्ले और गेंद का रोमांच और इसी के साथ शुरू हो गई राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता। प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ ही खिलाड़ियों, क्रिकेट प्रेमियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
🎈रंगीन गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर खेल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
🏏 उद्घाटन मैच में दरभंगा ने पूर्णिया को दी शिकस्त
समाचार विचार/बेगूसराय: बिहार के युवा क्रिकेटरों के लिए बड़ा मंच तैयार हो गया है। गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में मंगलवार को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार के सभी प्रमंडलों से चयनित टीमें इस खेल महाकुंभ में हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ ही खिलाड़ियों, क्रिकेट प्रेमियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, एडीएम राजीव रोशन, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, वरीय उप समाहर्ता आमिर अहमद, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी और जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रंगीन गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई। कार्यक्रम से पूर्व जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने अतिथियों और अधिकारियों का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया। उद्घाटन समारोह के दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

खेल से बनता है बहुआयामी व्यक्तित्व
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बिहार में खेल के क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नए खेल विभाग का भी सृजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बहुआयामी व्यक्तित्व के विकास के लिए खेलकूद में भाग लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है तथा यह आपसी भाईचारा, सद्भावना और मित्रता का संदेश देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करने की अपील की। एडीएम राजीव रोशन ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल है। माता-पिता को बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना चाहिए, क्योंकि खेलकूद के माध्यम से भी बेहतर करियर बनाया जा सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि बिहार की धरती साहित्य, कला और खेल के क्षेत्र में उर्वर रही है। यहां के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। वहीं, वरीय उप समाहर्ता आमिर अहमद ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को शुरू से खेल से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर देती हैं। वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की अपील की।

4 नवंबर तक चलेंगे मुकाबले
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक वर्ग के युवा क्रिकेटर भाग ले रहे हैं। विभिन्न विद्यालयों और जिलों से चयनित खिलाड़ी अपनी-अपनी प्रमंडलीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले गांधी स्टेडियम और रिफाइनरी स्टेडियम, बेगूसराय में आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता 4 नवंबर तक चलेगी और सभी मैच नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर के ठहरने तथा भोजन की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है।

उद्घाटन मैच में दरभंगा ने पूर्णिया को हराया
गांधी स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में दरभंगा और पूर्णिया की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पूर्णिया ने दरभंगा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दरभंगा ने निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट खोकर 125 रन बनाए। टीम की ओर से अनिकेत राज ने शानदार 50 रनों की पारी खेली। जवाब में पूर्णिया की टीम 14.1 ओवर में 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पीयूष राज ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन करने वाले दरभंगा के अनिकेत राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 50 रन बनाने के अलावा एक विकेट भी हासिल किया।

मगध ने सारण को हराया
रिफाइनरी स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में मगध और सारण प्रमंडल की टीमें भिड़ीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सारण ने 16 ओवर में नौ विकेट खोकर 108 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अमन ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। जवाब में मगध की टीम ने 14.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 109 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। मगध के उत्सव अजय मोदी ने नाबाद 52 रनों की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में भी उन्होंने तीन ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

पटना ने भागलपुर को दी शिकस्त
रिफाइनरी स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले में पटना और भागलपुर की टीमें आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर ने 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 110 रन बनाए। अशोक ने टीम की ओर से सर्वाधिक 37 रन बनाए। जवाब में पटना की टीम ने 14.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 111 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। हरिओम ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। पटना के कुमार धीरेंद्र शान को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने चार विकेट हासिल किए। कार्यक्रम का मंच संचालन और उद्घोषणा शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने की। निर्णायक की भूमिका राजीव कुमार मिश्रा (बक्सर) और दीपक कुमार दीप (बेगूसराय) ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में राम और मंतोष ने जिम्मेदारी संभाली। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, मणिकांत, ब्रजेश, शुभम और रितेश सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आए युवा क्रिकेटरों के बीच शुरू हुई यह प्रतियोगिता अब अगले मुकाबलों के साथ और रोमांचक होने की उम्मीद है। खेल प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कौन-सी टीम राज्य स्तरीय स्कूल क्रिकेट के इस महाकुंभ में अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए खिताब तक पहुंचती है।
Begusarai Locals
📍बेगूसराय में एनडीए की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा





