🤼 क्विज प्रतियोगिता और दंगल रहेगा मुख्य आकर्षण
🤝 बैठक में की गई ग्रामीणों से सहयोग की अपील
समाचार विचार/बेगूसराय। सदर प्रखंड अंतर्गत इनियार गांव स्थित मां काली मंदिर परिसर में आगामी 9 एवं 10 नवंबर को मां काली पूजा एवं भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जय मां काली पूजा समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक अध्यक्ष राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मां काली पूजा एवं मेले का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शांतिपूर्ण एवं भव्य तरीके से किया जाएगा।
बच्चों के लिए होगी विशेष क्विज प्रतियोगिता
समिति के कार्यकारी कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार ने बताया कि दीपावली के दिन बच्चों के बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें वर्ग प्रथम से दशम तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को काली पूजा के अवसर पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

दो दिनों तक होगा पारंपरिक दंगल
समिति के सचिव नंदू सिंह ने बताया कि मेले के दोनों दिनों में विभिन्न आयु वर्ग के पहलवानों के लिए पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता यानी दंगल का भव्य आयोजन किया जाएगा। दंगल को इस वर्ष के मेले का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
समिति के कोषाध्यक्ष मनोज सिंह एवं पूर्व अध्यक्ष पवन सिंह ने समस्त ग्रामवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक वर्ष ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिलता रहा है, उसी तरह इस वर्ष भी सभी लोग तन, मन एवं धन से सहयोग कर मां काली पूजा एवं मेले को सफल बनाएं। वहीं विपिन सिंह एवं दिगंबर कुमार ने बताया कि मेले के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 स्वयंसेवकों की टीम तैनात रहेगी। बैठक में सर्वेश कुमार, नीतीश, शुभम, कंचन, सूरज, राघव, रितेश, आशुतोष, अमन, राजा, शिवम, प्रियांशु, पीयूष, सुमन, सचिन, निखिल, छोटू, विकास सहित अन्य युवा एवं पूजा समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Begusarai Locals
📍बेगूसराय में एनडीए की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा





