🏋️♀️जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का डीएम ने किया शुभारंभ
🏆4500 खिलाड़ी 22 खेल विधाओं में दिखाएंगे प्रतिभा
समाचार विचार | बेगूसराय
बेगूसराय में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएम रिची पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। डीएम रिची पांडे ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। खेल बच्चों को अनुशासन के साथ-साथ आपसी भाईचारा, सद्भावना और मित्रता की भावना भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बिहार में हाल ही में नए खेल विभाग का सृजन भी किया गया है। ऐसे में विद्यालय स्तर से ही बच्चों को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को उचित मंच देना जरूरी है।
क्रिकेट से आगे बढ़कर दूसरे खेलों में भी रुचि लें बच्चे : डीएम
डीएम ने कहा कि बेगूसराय में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बच्चों से क्रिकेट के साथ-साथ कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों में भी रुचि लेने की अपील की।उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही प्रशिक्षण, अवसर और प्रोत्साहन मिले। डीएम ने उम्मीद जताई कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बेगूसराय के खिलाड़ी राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

4500 खिलाड़ी, 22 खेल विधाओं में मुकाबला
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के करीब 4500 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता U-14, U-17 और U-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की जा रही है।खिलाड़ी बास्केटबॉल, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, शतरंज, कुश्ती, कराटे, वुशू, बॉक्सिंग, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, हॉकी समेत कुल 22 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता का आयोजन गांधी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बीपी स्कूल, खेल भवन और कल्याण केंद्र, बेगूसराय सहित विभिन्न खेल स्थलों पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता 4 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।

पढ़ाई के साथ खेल में भी उज्ज्वल भविष्य: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। बेगूसराय एसडीओ अश्विनी कुमार ने कहा कि बेगूसराय की धरती साहित्य, खेल और कला के क्षेत्र में उर्वर रही है। यहां के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों को शुरुआती दौर से ही खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की अपील की।

पहले दिन इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
कबड्डी U-14 बालिका वर्ग में जीएमएस हेमरा की टीम विजेता रही, जबकि मध्य विद्यालय बीहट की टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल U-14 बालक वर्ग में सेंट ज्यूस पब्लिक स्कूल फुलवरिया ने विजेता का खिताब हासिल किया। ओमर हाई स्कूल तेघड़ा की टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल U-17 बालक वर्ग में बीपी स्कूल की टीम विजेता और उच्च माध्यमिक विद्यालय इनीयार की टीम उपविजेता रही।
ताइक्वांडो में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
U-14 बालक वर्ग में आदित्य राज, दक्ष राज, रौशन, आयुष, अनमोल, दिव्यांशु राज और आयुष बेनर्जी ने गोल्ड मेडल हासिल किया।
U-14 बालिका वर्ग में साक्षी कुमारी, निभा कुमारी, रिमझिम कुमारी और सृष्टि कुमारी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

टेबल टेनिस में बीहट के खिलाड़ियों का दबदबा
U-14 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय बीहट की सिद्धि कुमारी प्रथम और इसी विद्यालय की पलक कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं।
U-17 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय बीहट की निक्की कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इसी विद्यालय की मोना खातून द्वितीय रहीं।

आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शिक्षक रामबाबू, राजेश, शुभम, शशिकांत, रितेश, पिंकी, लक्ष्मी, चिरंजीवी और रणधीर सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उद्घोषक की भूमिका कन्हैया भारद्वाज और गौरव कुमार पाठक ने निभाई। डीएम रिची पांडे के संदेश का सार यही रहा कि विद्यालय स्तर से खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने से बेगूसराय के खिलाड़ी जिला और राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
Begusarai Locals
📍Begusarai Hotel Rape Case: बेगूसराय में होटल के कमरे में हैवानियत, दुष्कर्म कर वीडियो वायरल
📍पटना में पोस्टेड बेगूसराय के रवींद्र दिवाकर ने दिनकर की धरती को किया शर्मसार





