विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद का शताब्दी समारोह: पांच पीढ़ियों ने किया एक साथ अभिनय

विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद शताब्दी समारोह सिहमा की सौ वर्षों पुरानी सांस्कृतिक और नाट्य विरासत का ऐतिहासिक उत्सव बन गया। संघर्ष, साधना और समर्पण की इस गौरवशाली यात्रा को यादगार बनाने के लिए आयोजित दो दिवसीय समारोह में कला, साहित्य, रंगमंच, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं।

📍सिहमा में दो दिवसीय शताब्दी समारोह संपन्न

📍पांच पीढ़ियों ने एक साथ किया अभिनय

📍’शिखंडी’ नाटक बना मुख्य आकर्षण

समाचार विचार/बेगूसराय: वर्ष 1925 में जिस समय विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद ने अपनी सांस्कृतिक यात्रा की शुरुआत की, उस दौर में अनेक सामाजिक, आर्थिक और प्राकृतिक चुनौतियाँ सामने थीं। बाढ़ की विभीषिका और कटाव के कारण गाँव का विस्थापन और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद परिषद के कलाकारों ने अपनी कला और संस्कृति की मशाल को बुझने नहीं दिया। यह यात्रा केवल नाट्य मंचन तक सीमित नहीं रही, बल्कि संघर्ष, संकल्प और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की एक अनूठी मिसाल बनी। परिषद के कलाकारों ने अलग अलग स्तरों से चाहे वह मंडली का स्वरूप हो या नुक्कड़ नाटक के द्वारा विभिन्न मंचों तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और अपनी कला के माध्यम से क्षेत्र को गौरवान्वित किया। एक समय ऐसा भी था जब परिषद आर्थिक तंगी के दौर में चौकी लगाकर नाटकों का आयोजन किया जाता था। आर्थिक संकट और प्राकृतिक आपदाओं के बीच भी कलाकारों का उत्साह कभी कम नहीं हुआ। उस दौर से लेकर आज के डिजिटल युग तक परिषद ने समय के साथ स्वयं को विकसित किया और अपनी सांस्कृतिक पहचान को निरंतर मजबूत किया। आज शताब्दी समारोह के मुकाम पर पहुँचना उन तमाम दूरदर्शी कलाकारों, रंगकर्मियों और संस्कृति प्रेमियों के संघर्ष, त्याग एवं समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी इस परंपरा को जीवित रखा।

विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद शताब्दी समारोह सिहमा

ऐतिहासिक गरिमा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ समारोह

विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद, सिहमा के शताब्दी वर्ष (1925–2025) के उपलक्ष्य में 11 एवं 12 नवंबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय शताब्दी समारोह ऐतिहासिक गरिमा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में कला, साहित्य, रंगमंच, शिक्षा, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। साथ ही साथ वर्ष 1925 के स्वर्णिम काल खंड के समय कुछ प्रतिष्ठित संस्थान जैसे आरएसएस की स्थापना, सीपीई की स्थापना और विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद का स्थापना हुआ और चर्चित काकोरी कांड अंग्रेजों के खिलाफ एक अहम विद्रोह भी उसी वर्ष की चर्चित घटनाओं में से एक है। समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने किया। उन्होंने परिषद की सौ वर्षों की समृद्ध नाट्य एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस ऐतिहासिक धरोहर को संजोने में जुटे नवयुवकों सहित समस्त ग्रामीणों को बधाई एवं धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में भूतपूर्व मटिहानी विधायक राज कुमार सिंह, सदर एसडीएम, सदर डीएसपी, सुरेंद्र प्रसाद सिंह “मुखर्जी” ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि नाट्य कला की परंपरा को जीवित रखने के साथ-साथ गांव के इतिहास और वंशावली को स्मारिका के माध्यम से संरक्षित करना नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की सराहनीय पहल है।इस अवसर पर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद सुरेश प्रसाद राय, डॉ. रंजन चौधरी, वरिष्ठ रंगकर्मी एवं निर्देशक प्रवीण कुमार गुंजन, वरिष्ठ अभिनेता अमिय कश्यप, जी.डी. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य चंद्रभानु जी, पूर्व विधायक राजकुमार जी तथा निगम पार्षद नीलम देवी जी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार रखे। योगेंद्र स्मारक पुस्तकालय के संरक्षक अनिल कुमार अंजान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गांव की ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में कला और स्थानीय सांस्कृतिक संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन को नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला सराहनीय प्रयास बताया।मुख्य संरक्षक सुरेंद्र प्रसाद सिंह “मुखर्जी ” के नेतृत्व में गांव के इतिहास, वंशावली एवं सांस्कृतिक विरासत को समेटे स्मारिका का विमोचन भी समारोह का महत्वपूर्ण आकर्षण रहा।

विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद शताब्दी समारोह सिहमा

पांच पीढ़ियों ने एक साथ किया अभिनय, ‘शिखंडी’ बना समारोह का मुख्य आकर्षण

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रथम दिन गांव की युवतियों एवं नन्हे कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनाट्य ‘जट-जटिन’ का सुंदर मंचन किया गया। वहीं दूसरे दिन गांव के युवाओं द्वारा प्रस्तुत ‘शिखंडी’ नाटक समारोह का विशेष आकर्षण रहा। इस प्रस्तुति की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि इसमें पांच पीढ़ियों के कलाकारों ने एक साथ मंच साझा कर अभिनय का प्रदर्शन किया। यह दृश्य न केवल दर्शकों के लिए अद्भुत और भावनात्मक अनुभव रहा, बल्कि परिषद की सौ वर्षों की नाट्य परंपरा और पीढ़ियों के बीच सांस्कृतिक निरंतरता का भी प्रतीक बना।

कला, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र की विभूतियां हुईं सम्मानित

द्वितीय दिवस पर गांव की विभिन्न विधाओं से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं, कलाकारों, साहित्यकारों, रंगकर्मियों एवं लेखन से जुड़े व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न नाट्य परिषदों को भी उनके सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। जिला पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति विभाग के श्याम सहनी सहित, संतोष राही, सनोज शर्मा एवं अनिरुद्ध कुमार, (सचिव), अनिल कुमार ( मुंशी जी), अरविंद कुमार, कृष्णानन्द सिंह, अमित कुमार ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रथम दिन मंच संचालन दीपक कुमार तथा द्वितीय दिन बबलेश कुमार पार्थसारथी ने किया। परिषद के सचिव पंकज जी ने भी आयोजन की व्यवस्था एवं मंच संचालन में राजीव कुमार, गुंजन कुमार, कन्हैया कुमार, संदीप कुमार, राजा कुमार, पुतुल कुमार, राज कुमार, अभिषेक कुमार, नितेश कुमार, ने सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। परिषद के अध्यक्ष अनिल कुमार प्रियदर्शी ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समारोह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे गांव की सामूहिक इच्छाशक्ति, सहयोग और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।

विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद शताब्दी समारोह सिहमा

सामूहिक सहभागिता से ऐतिहासिक आयोजन को मिली सफलता

समारोह को सफल बनाने में कमल कुमार, रोहित कुमार, चुन्नू कुमार, नवनीत कुमार अंजान, राघव कुमार, बब्लू कुमार,आदर्श कुमार, सुबोध कुमार , कर्ण सिंह, सहित अनेक युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष पूर्णेंदु कुमार एवं समिति के सभी सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन में विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद के साथ-साथ प्रगतिशील श्री हरगोविंद नाट्य कला परिषद, कृष्णा नाट्य कला परिषद, परासर नाट्य कला परिषद एवं निराला नाट्य कला परिषद के सदस्यों ने भरपूर सहयोग प्रदान किया। अंततः समस्त ग्रामीणों की आपसी सहभागिता, समर्पण और एकजुटता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद शताब्दी समारोह ने एक बार फिर साबित किया कि सामूहिक सहयोग, समर्पण और सांस्कृतिक चेतना के बल पर किसी भी गौरवशाली परंपरा को पीढ़ियों तक जीवित रखा जा सकता है।

Begusarai Locals

📍बेगूसराय में जमीन हड़पने के लिए हुई घर में घुसकर हत्या

📍तीन साल से शहर में तैनात यातायात मित्रों पर सवाल: सालाना 80 लाख खर्च को लेकर नगर निगम में विवाद

 

 

 

समाचार विचार को सहयोग करें

Share this post:

खबरें और भी हैं...