उपभोक्ताओं की संतुष्टि से ही तय होगी BRCC की सफलता: भविष्य की योजनाओं पर मंथन

उपभोक्ताओं की संतुष्टि ही किसी भी सहकारी संगठन की असली पूंजी होती है। इसी के मद्देनजर बरौनी रिफाइनरी उपभोक्ता भंडार लिमिटेड (BRCC) की वार्षिक आमसभा में संस्था के वर्तमान कार्यकलापों की समीक्षा के साथ भविष्य के विस्तार की संभावनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।

⛽ बरौनी रिफाइनरी उपभोक्ता भंडार की आमसभा में पेट्रोल पंप और एटीएम खोलने का उठा प्रस्ताव

🏦 वित्तीय प्रतिवेदन भी प्रस्तुत, संभावनाओं पर हुआ गंभीर विचार-विमर्श

समाचार विचार/बेगूसराय: बरौनी रिफाइनरी उपभोक्ता भंडार लिमिटेड (BRCC) की वार्षिक आमसभा में संस्था के वर्तमान कार्यकलापों की समीक्षा के साथ भविष्य के विस्तार की संभावनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में सदस्यों ने सहकारिता की भावना को और सशक्त बनाने, उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बदलते बाजार की चुनौतियों के अनुरूप संस्था को विकसित करने पर जोर दिया। सभा को संबोधित करते हुए संस्था के सचिव सायमन मुर्मू ने कहा कि किसी भी सहकारी संगठन की असली पूंजी उसके सदस्य और उपभोक्ताओं का भरोसा होता है। BRCC की पहचान भी आपसी सहयोग, सहभागिता और विश्वास की इसी बुनियाद पर कायम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था की सफलता को महज आर्थिक आंकड़ों से नहीं, बल्कि ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता से भी परखा जाना चाहिए। सायमन मुर्मू ने गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता और ग्राहकों की संतुष्टि को संस्था की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बाजार से मिल रही प्रतिस्पर्धा के दौर में BRCC को अपनी कार्यशैली में नए प्रयोग और व्यावहारिक बदलाव अपनाने होंगे। इसके लिए उन्होंने कुछ नवीन सुझाव भी रखे। साथ ही संस्था के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत करते हुए वित्तीय स्थिति और कार्यप्रणाली की जानकारी सदस्यों के सामने रखी।आमसभा में पारदर्शी प्रबंधन, जवाबदेही, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और कारोबार के विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। सदस्यों ने भी संस्था को अधिक सुविधाजनक और उपयोगी बनाने के लिए अपने विचार साझा किए।

उपभोक्ताओं

पेट्रोल पंप और एटीएम की सुविधा का सुझाव

बैठक के दौरान संस्था के विस्तार से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सामने आए। एक सदस्य ने BRCC परिसर अथवा उसके माध्यम से पेट्रोल पंप शुरू करने की आवश्यकता जताई। उनका मानना था कि इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को ईंधन की सुविधा मिल सकेगी और संस्था की गतिविधियों का भी विस्तार होगा। वहीं, एक अन्य सदस्य ने परिसर में एटीएम स्थापित कराने का सुझाव दिया, ताकि कर्मचारियों एवं अन्य ग्राहकों को नकदी निकासी की सुविधा उपलब्ध हो सके। इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन बरौनी तेलशोधक मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन, अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, वरीय उपाध्यक्ष संजय प्रसाद सिंह, कल्याण केंद्र के सचिव भोगेंद्र कुमार कमल तथा BRCC के सचिव सायमन मुर्मू, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में रजनीश रंजन ने BRCC की गतिविधियों की सराहना करते हुए संस्था के कार्यों पर अपने विचार रखे। वहीं, संजीव कुमार ने संगठन की बेहतरी और भविष्य की दिशा को लेकर कई सुझाव दिए। स्वागत संबोधन कल्याण केंद्र के सचिव भोगेंद्र कुमार कमल ने किया। कार्यक्रम का संचालन BRCC कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार, अभय कुमार, सचिन वर्मा, विश्वजीत कुमार, निभा कुमारी एवं उर्मिला देवी समेत बरौनी रिफाइनरी के सैकड़ों कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।

Begusarai Locals

📍बेगूसराय में एनडीए की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा

📍बेगूसराय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जदयू का 23वां स्थापना दिवस:  संगठन की मजबूती और जनसेवा पर जोर

 

 

 

 

 

 

 

समाचार विचार को सहयोग करें

Share this post:

खबरें और भी हैं...