मुंगेर प्रमंडल ने आखिरकार पटना प्रमंडल को 30 रन से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर ही लिया। 154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम 19.5 ओवर में 123 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
🏏प्रेम कांत बने मैन ऑफ द मैच, कुमार शान के शानदार प्रदर्शन ने जीता मैन ऑफ द सीरीज सम्मान
🏆 डीएम रिची पांडे ने विजेता टीम को प्रदान की ट्रॉफी
समाचार विचार/बेगूसराय: गांधी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 खेल प्रतियोगिता 2026-27 का खिताब मुंगेर प्रमंडल ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में मुंगेर ने पटना प्रमंडल को 30 रन से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पटना प्रमंडल को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए गांधी स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

टॉस जीतकर पटना ने मुंगेर को दिया बल्लेबाजी का न्योता
फाइनल मुकाबले में पटना प्रमंडल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मुंगेर प्रमंडल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की पूरी टीम 20 ओवर में 153 रन बनाकर आउट हो गई। मुंगेर की ओर से उत्कर्ष आनंद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 52 रन बनाए। विकास ने 34 रन का योगदान दिया, जबकि अविनाश पोद्दार ने 24 रन बनाए। पटना प्रमंडल की ओर से ऋषभ पांडे ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल रही। हिमांशु ने भी दो विकेट हासिल किए।

154 रन के लक्ष्य के जवाब में 123 रन पर सिमटी पटना की टीम
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम 19.5 ओवर में 123 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पटना की ओर से कप्तान दिवाकर ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 68 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। मुंगेर की ओर से प्रेम कांत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 19 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। विद्यानंद ने भी चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अविनाश पोद्दार ने दो विकेट लिए। इस तरह मुंगेर प्रमंडल ने पटना को 30 रन से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
प्रेम कांत बने मैन ऑफ द मैच, कुमार शान रहे मैन ऑफ द सीरीज
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले प्रेम कांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पटना प्रमंडल के हरफनमौला खिलाड़ी कुमार शान ने पूरे टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी। कुमार सान ने तीन मैचों में आठ विकेट लेने के साथ 32 रन भी बनाए। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें पूरे टूर्नामेंट का मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

डीएम रिची पांडे ने विजेता टीम को प्रदान की ट्रॉफी
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता मुंगेर प्रमंडल और उपविजेता पटना प्रमंडल की टीम को जिला अधिकारी रिची पांडे, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार तथा अन्य वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी प्रदान की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला अधिकारी रिची पांडे ने दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार लगी रहती है, लेकिन प्रतियोगिता में खेल भावना के साथ अपनी क्षमता का सर्वोच्च प्रदर्शन करना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ एकजुटता और भाईचारे का भी संदेश देता है।डीएम ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। विद्यालय स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
बेगूसराय की मेजबानी को मिली सराहना
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने कहा कि बेगूसराय में आयोजित इस प्रतियोगिता की मेजबानी को बिहार के विभिन्न प्रमंडलों से आई टीमों ने सराहा है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों की टीमों ने भाग लिया और उम्मीद है कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करेंगे। मैच शुरू होने से पहले जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कमेंट्री से खिलाड़ियों और दर्शकों में भरा उत्साह
फाइनल मुकाबले में शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने उद्घोषक के रूप में शानदार कमेंट्री की। उनकी कमेंट्री ने खिलाड़ियों को प्रेरित और उत्साहित करने के साथ ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का भी भरपूर मनोरंजन किया।मैच में निर्णायक की भूमिका राजीव कमल मिश्रा, बक्सर और दीपक कुमार, खगड़िया ने निभाई। स्कोरर के रूप में राम और मंतोष ने जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर बेगूसराय जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, बबलू, ब्रजेश, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, शुभम, रितेश और मणिकांत सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Begusarai Locals
📍बेगूसराय में एनडीए की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा





