शहीदों के बलिदान को नमन: राज्यपाल ने किया शहीदों के परिजनों को सम्मानित, दिवाकर भारती को भी मिला गौरव

शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राज्यपाल ने शहीद लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार के माता-पिता सहित अशोक चक्र और वीर चक्र से सम्मानित शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इसी क्रम में मंझौल निवासी राष्ट्रीय वालीबॉल कोच एवं निर्णायक दिवाकर भारती को भी उनके शहीद भाई मेजर मुकेश कुमार की स्मृति में सम्मानित किया गया।

📍जीडी कॉलेज में शहीद लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार वीरता एवं बलिदान स्मरणोत्सव का आयोजन

📍राज्यपाल बोले- बिहार के विकसित होने से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना

समाचार विचार/बेगूसराय/मंझौल: शहीदों की वीरता, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए सोमवार को बेगूसराय के जीडी कॉलेज में शहीद लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार वीरता एवं बलिदान स्मरणोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शहीद लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार के माता-पिता सहित अशोक चक्र और वीर चक्र से सम्मानित शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इसी क्रम में मंझौल निवासी राष्ट्रीय वालीबॉल कोच एवं निर्णायक दिवाकर भारती को भी उनके शहीद भाई मेजर मुकेश कुमार की स्मृति में सम्मानित किया गया। राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त करना दिवाकर भारती के लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे मंझौल और शहीद परिवार के त्याग एवं बलिदान का सम्मान है। दिवाकर भारती अपने भाई की शहादत को खेल के मैदान के माध्यम से आज भी जीवंत रखे हुए हैं। वे अपने पैतृक गांव मंझौल स्थित ऐतिहासिक शताब्दी मैदान में भाई मेजर मुकेश कुमार की स्मृति में कई सफल राज्यस्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराते रहे हैं।

22-23 वर्ष की उम्र में देश के लिए शहीद हुए थे लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने कहा कि बेगूसराय की धरती देशभक्ति और बलिदान को अच्छी तरह पहचानती है। यह आयोजन देश के वीर सपूतों को याद करने और उनके अदम्य साहस को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में नौशेरा सेक्टर में देश की रक्षा करते हुए महज 22-23 वर्ष की उम्र में लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका साहस और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शहीदों के परिजनों के त्याग और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।

शहीदों के बलिदान को नमन

बिहार को बताया देश का सेंटर ऑफ ग्रेविटी

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने सेना में अपने 40 वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सेना का वातावरण बिल्कुल अलग होता है और देश की सेवा करने का अवसर अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने सेना की नौकरी को सबसे अच्छी नौकरी बताते हुए सैनिकों के अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को महत्वपूर्ण बताया। बिहार के विकास पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पिछले आठ महीनों में उन्होंने राज्य को करीब से समझने का प्रयास किया है। लगभग 13 करोड़ की आबादी वाले बिहार को उन्होंने देश का ‘सेंटर ऑफ ग्रेविटी’ बताया। उन्होंने कहा कि जब बिहार विकसित होगा, तभी विकसित भारत का सपना पूरी तरह साकार हो सकेगा। राज्य में अच्छी सरकार और बेहतर नेतृत्व होने की बात कहते हुए उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कौन थे शहीद मेजर मुकेश कुमार?

मंझौल निवासी मेजर मुकेश कुमार भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट (3 सिख) में तैनात थे। 24 सितंबर 1997 को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ के दौरान मात्र 31 वर्ष की उम्र में वे देश के लिए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके परिवार में उनकी मां और दो बहनें हैं। उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए मंझौल में शहीद मेजर मुकेश स्मृति भवन का निर्माण कराया गया है। भाई की शहादत को सम्मान देने के लिए दिवाकर भारती वर्षों से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते आ रहे हैं। उनके इस प्रयास से नई पीढ़ी को भी शहीद मेजर मुकेश कुमार के साहस और बलिदान से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। समारोह में सदर विधायक कुंदन कुमार, जीडी कॉलेज के प्राचार्य अवधेश कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षक, विद्यार्थी और शहीदों के परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूत भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका बलिदान और उनकी स्मृतियां हमेशा जीवित रहेंगी।

Begusarai Locals

📍बेगूसराय पहुंचे राज्यपाल सैयद अता हसनैन, 17 शहीदों के परिवार को सम्मानित किया; कहा- बिहार के बिना देश विकसित नहीं

📍विश्व वंद्य बापू नाट्य परिषद का शताब्दी समारोह: पांच पीढ़ियों ने किया एक साथ अभिनय

 

 

 

 

समाचार विचार को सहयोग करें

Share this post:

खबरें और भी हैं...