📍माया कौशल्या फाउंडेशन के द्वारा हुआ कार्यक्रम का आयोजन
📍छात्र छात्राओं ने नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
समाचार विचार/बेगूसराय: युवाओं को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के उद्देश्य से माया कौशल्या फाउंडेशन के द्वारा स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजौङा में इंटर्नशिप से जुड़े छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंटर्नशिप रिपोर्ट निर्माण, अनुभवों को सही तरीके से प्रस्तुत करने एवं रिपोर्ट लेखन की व्यवहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटर्नशिप का उद्देश्य केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के बीच जाकर वास्तविक परिस्थितियों को समझना, लोगों से संवाद करना और अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप देना है। छात्रों को अपने कार्यों, सीख और सामाजिक अनुभवों को व्यवस्थित रूप से रिपोर्ट में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

छात्र छात्राओं ने नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
इस अवसर पर सामाजिक जागरूकता अभियान के तहत सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से स्वयं दूर रहने के साथ-साथ समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्यवस्थापक अरविंद चौधरी ने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके सही मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। माया कौशल्या फाउंडेशन के सचिव रोशन कुमार ने कहा कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से ही एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है।







