📍टीम साईं की रसोई और आईए बिहार की टीम पहुंची मध्य विद्यालय बीहट
📍विद्यालय परिसर में हुआ उत्साह एवं खुशी का संचार
समाचार विचार/बेगूसराय: समाज सेवा एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए भारतीय सेना में सेना अधिकारी के पद पर कार्यरत मेजर किशन गुप्ता द्वारा बीहट मध्य विद्यालय, बेगूसराय की महिला जूनियर हॉकी खिलाड़ियों के बीच हॉकी किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चियों को खेल के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था, ताकि वे गर्मी की छुट्टियों में भी नियमित अभ्यास कर सकें और भविष्य में जिले एवं राज्य का नाम रोशन करें।
विद्यालय के एचएम ने की इस पहल की सराहना
विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजन कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।विद्यालय की खेल शिक्षिका अनुपमा सिंह ने भी बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संसाधनों के साथ-साथ निरंतर मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने एवं खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।







