➡️कारगिल विजय सभा भवन में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
➡️जिले में चिन्हित किए गए हैं 36 संभावित दुर्घटना क्षेत्र

समाचार विचार/बेगूसराय: डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में कारगिल विजय सभा भवन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में शमन वसूली एवं प्रवर्तन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनवरी 2026 में परिवहन विभाग द्वारा कुल 1,07,75,105/- रुपये की शमन राशि वसूल की गई, जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा 55,74,000/- रुपये की वसूली की गई। हेलमेट नहीं पहनने के मामले में 309 वाहनों तथा प्रदूषण नियमों के उल्लंघन में 188 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जिले में चिन्हित किए गए हैं 36 संभावित दुर्घटना क्षेत्र
जिले में कुल 36 ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) चिन्हित किए गए हैं। National Highways Authority of India (NHAI) एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को इन स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक बोर्ड तथा स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। ‘हिट एंड रन’ मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 01 अप्रैल 2022 से अब तक कुल 720 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से 377 आवेदनों का भुगतान किया जा चुका है। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश भी दिए गए। सड़क दुर्घटना के घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने हेतु ‘गुड सेमेरिटन’ योजना के अंतर्गत 5 नेक नागरिकों की सूची परिवहन विभाग को भेजी गई है। सरकार द्वारा ऐसे नागरिकों को 25,000/- रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।

सभी स्कूल बसों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी और जीपीएस
स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। सभी स्कूल बसों में सीसीटीवी, जीपीएस तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। अब तक जिले में 36 निजी स्कूल बसों की जांच की जा चुकी है। साथ ही, 01 अप्रैल 2025 से स्कूली बच्चों के परिवहन हेतु ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के उपयोग पर प्रतिबंध लागू करने के निर्णय की जानकारी भी दी गई।बिहार इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2023 के अंतर्गत जिले के 103 वाहन स्वामियों को अनुदान राशि का भुगतान किया जा चुका है। बैठक में विशेष रूप से SH-55 (रजौड़ा चौक) पर सड़क जाम की समस्या के समाधान हेतु अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा Ramdhari Singh Dinkar Engineering College के समीप स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूर्ण कर जिले में सड़क सुरक्षा को प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त बेगूसराय, अपर समाहर्ता बेगूसराय, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Begusarai Locals
📍पांच लोगों के कातिल बेगूसराय के विकास को मिली फांसी की सजा
📍रोमांच: स्वतंत्रता सेनानी कप 2026 की विजेता बनी चेरियाबरियारपुर





