मशाल-2026: बेगूसराय जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

📍प्रतिभावान बच्चों को प्रतियोगिता में शामिल कराने की अपील
📍प्रशिक्षण के दौरान संकुल स्तरीय टीम को दी गई तकनीकी जानकारी
मशाल
समाचार विचार/बेगूसराय। मशाल-2026 प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण बुधवार, 23 सितंबर 2026 को खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में राज्य स्तर से प्रशिक्षित पांच सदस्यीय टीम के अलावा जिला स्तर के 20 मास्टर ट्रेनर तथा 18 प्रखंडों से दो-दो नोडल शिक्षक शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान मशाल प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न खेल विधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल तथा एथलेटिक्स के अंतर्गत साइकिलिंग, दौड़ और लंबी कूद जैसी विधाएं शामिल रहीं। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बच्चों का बैटरी टेस्ट कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों को खिलाड़ियों के मशाल पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन, बैटरी टेस्ट डेटा अपडेट करने, विद्यालय स्तर पर टीम गठन, एकल खिलाड़ियों एवं टीमों की रैंक निर्धारित करने तथा संकुल स्तरीय टीम तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही संकुल स्तरीय टीम को पोर्टल पर अग्रसारित करने, विद्यालय प्रोफाइल अपडेट करने और पासवर्ड बदलने का लाइव प्रशिक्षण भी दिया गया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच : डीईओ
प्रशिक्षण के समापन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ अनुभव कुमार तथा एमडीएम डीपीओ मोहम्मद मजहर उपस्थित रहे। समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि सभी लोग विद्यालय में पढ़कर ही आगे बढ़े हैं और उस समय भी खेल की गतिविधियां होती थीं, लेकिन खिलाड़ियों को पर्याप्त मंच नहीं मिल पाता था। आज बिहार सरकार, शिक्षा विभाग और खेल विभाग संयुक्त रूप से खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष शिक्षा विभाग की ओर से प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों को क्रमशः 5 हजार, 10 हजार और 25 हजार रुपये खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मशाल प्रतियोगिता प्रत्येक वर्ष आयोजित होती रही तो आने वाले 5 से 10 वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम विश्व पटल पर दिखाई दे सकते हैं।

मशाल

प्रतिभावान बच्चों को प्रतियोगिता से जोड़ने पर जोर
सर्व शिक्षा डीपीओ अनुभव कुमार ने मशाल को टैलेंट हंट प्रतियोगिता बताते हुए प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक प्रतिभावान बच्चों को प्रतियोगिता में शामिल कराने की अपील की। वहीं एमडीएम डीपीओ मोहम्मद मजहर ने खेल के साथ अनुशासन को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि पहले खेल को पढ़ाई की तुलना में कम महत्व दिया जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। आज खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए रोजगार और सम्मान के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि खेलकूद से शरीर भी स्वस्थ रहता है। कार्यक्रम का समापन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक रौशन कुमार राय की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान प्रशिक्षकों को मशाल-2026 प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Begusarai Locals

🔗जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के लिए निबंधन शुरू
🔗बेगूसराय में थाना से 500 मीटर पर अधेड़ को मारी गोली, मौत

 

 

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी