सात वर्षों से मानवता की मिसाल: साईं की रसोई ने मनाया स्थापना दिवस

मानवता
📍सेवा के सफर को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
📍दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के बीच हुई जरूरतमंदों की सेवा        

मानवता

समाचार विचार/बेगूसराय जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाकर मानवता की मिसाल कायम करने वाली सामाजिक संस्था साईं की रसोई ने सेवा, समर्पण और सहयोग के सात स्वर्णिम वर्ष पूरे होने पर भव्य धन्यवाद एवं स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर संस्था के सात वर्षों के सेवा कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों का तिलक और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक निजी विद्यालय की छात्राओं ने लोक आस्था से जुड़े झिझिया नृत्य और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

मानवता

भोजन के साथ सम्मान भी पहुंचा रही है साईं की रसोई’
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व महापौर संजय कुमार ने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सबसे बड़ी ताकत लोगों का विश्वास और कार्यकर्ताओं का समर्पण होता है। उन्होंने कहा कि साईं की रसोई ने सात वर्षों से जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाकर केवल भूख मिटाने का ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और मानवता का अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन चौधरी ने कहा कि भोजन केवल शरीर की आवश्यकता नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के सम्मान और जीवन का आधार भी है। उन्होंने सक्षम लोगों से ऐसे सेवा अभियानों से जुड़कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
‘यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की रसोई है’
साईं की रसोई के संस्थापक सदस्य किशन गुप्ता, नितेश रंजन और अमित जायसवाल ने सात वर्षों की यात्रा को याद करते हुए कहा कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन आम लोगों के सहयोग, टीम के समर्पण और शुभचिंतकों के विश्वास ने इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि साईं की रसोई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है, जिन्होंने भोजन, सहयोग, समय या विश्वास देकर इस अभियान को मजबूत बनाया है। सात वर्षों की यह यात्रा केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने का संकल्प है।

मानवता

वक्ताओं ने सेवा भावना को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री पंकज कुमार समेत राघव, गौरव, रौनक, अभिषेक, ज्ञान सिंह और प्रवीण कुमार ने भी संस्था के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सात वर्षों तक बिना रुके जरूरतमंदों के लिए भोजन उपलब्ध कराना टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा भावना का प्रमाण है। ऐसे अभियान समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं।
हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचा भोजन, आगे भी जारी रहेगा सेवा का कारवां
वक्ताओं ने कहा कि साईं की रसोई ने पिछले सात वर्षों में हजारों जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाकर सेवा की मजबूत मिसाल कायम की है। यह अभियान अब केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत कर रहा है। समारोह के अंत में साईं की रसोई परिवार ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आने वाले वर्षों में भी सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में साईं की रसोई टीम के सभी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के सात वर्षों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी अभियान बताया।

मानवता

BEGUSARAI LOCALS

📍राष्ट्रीय खेल दिवस: बेगूसराय में खेल प्रतिभाओं का सम्मान

📍रणधीर हत्याकांड में बेगूसराय पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी

लाइव क्रिकट स्कोर

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

Quick Link

© 2025 Reserved | Designed by AI & Enterprise Software Solutions