गंगा घाट पर तेघड़ा में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रातगांव पंचायत स्थित बिसौआ सरकारी घाट पर स्नान करने पहुंचे दो किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। गंगा घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को बचा लिया, लेकिन दूसरे की जान नहीं बचाई जा सकी।
📍मिट्टी की अवैध कटाई से घाट के पास बन गए हैं 15 से 20 फीट गहरे गड्ढे
📍घाट पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संबंधी उपाय की मांग हुई तेज
समाचार विचार | तेघड़ा | बेगूसराय
बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह गंगा घाट पर स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रातगांव पंचायत स्थित बिसौआ सरकारी घाट पर स्नान करने पहुंचे दो किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। गंगा घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को बचा लिया, लेकिन दूसरे की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में 16 वर्षीय आशुतोष कुमार उर्फ तेजू कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक आशुतोष भगवानपुर प्रखंड की काजी रसलपुर पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित फतेहपुर गांव का निवासी था। वह दसवीं कक्षा का छात्र था। वहीं, हादसे में बचाए गए किशोर की पहचान फतेहपुर निवासी रंजीत महतो के पुत्र रिकेश कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद रिकेश को घर भेज दिया गया।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए दोनों किशोर
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे आशुतोष और रिकेश बिसौआ सरकारी गंगा घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की मदद से रिकेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आशुतोष का पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। गश्ती वाहन के साथ एसआई आशुतोष मिश्रा सबसे पहले मौके पर पहुंचे। इसके बाद थानाध्यक्ष क्रांति रमन और एसआई मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से आशुतोष की तलाश शुरू की गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आशुतोष को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, तेघड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।

चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था आशुतोष
आशुतोष की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। महज 16 साल की उम्र में परिवार का सबसे छोटा बेटा दुनिया से चला गया। दसवीं कक्षा में पढ़ रहे आशुतोष से परिजनों को बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन गंगा घाट पर हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। आशुतोष के पिता संजय कुमार राय बनारस में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह बनारस से घर के लिए रवाना हो गए। वहीं, मां पिंकी देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को उम्मीद थी कि आशुतोष पढ़ाई पूरी कर आगे बढ़ेगा और भविष्य में परिवार का सहारा बनेगा। लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घाट के पास 15 से 20 फीट गहरे गड्ढे होने का दावा
हादसे के बाद गंगा घाट की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में कथित अवैध बालू खनन और पिछले साल मिट्टी की कटाई के कारण घाट के आसपास करीब 15 से 20 फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। लोगों के मुताबिक, घाट के आसपास थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पानी की गहराई अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में स्नान करने वाले लोगों को गहरे पानी का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने, नदी में बने गहरे गड्ढों की जांच कराने और स्नान करने वालों को सावधान करने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि घाट पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संबंधी उपाय किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।गंगा स्नान के दौरान हुए इस हादसे ने एक परिवार को कभी न भरने वाला दुख दिया है। साथ ही, घाट के आसपास पानी की गहराई और सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताओं को भी सामने ला दिया है।
Begusarai Locals
📍बेगूसराय में थार बाइक की भीषण टक्कर: पिता पुत्र सहित तीन की मौत





