📍पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने की साहेबपुरकमाल के सीओ से न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की मांग
📍जनवरी 2026 से मजदूरी लंबित होने का आरोप, मांगों की पूर्ति होने तक करेंगे संघर्ष

समाचार विचार/साहेबपुरकमाल/बेगूसराय: स्वच्छता कर्मियों की लंबित मजदूरी के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को साहेबपुरकमाल प्रखंड मुख्यालय में धरना दिया गया। धरना को संबोधित करते हुए पूर्व प्रमुख एवं भाकपा नेता मनोज कुमार ने जिला पदाधिकारी, बेगूसराय से साहेबपुरकमाल के अंचल अधिकारी द्वारा पटना हाईकोर्ट के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में देरी का आरोप
पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने कहा कि CWJC No. 19075/2024 में 7 जनवरी 2025 को पारित आदेश में खाता संख्या 110 एवं खेसरा संख्या 2234, 2235 और 2236 से संबंधित गैरमजरुआ खास जमीन के मामले में नियमानुकूल निर्णय लेने का निर्देश दिया गया था। उनके अनुसार, निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद मामला लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भू-माफियाओं के साथ कथित सांठगांठ के कारण मामले में अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने CWJC No. 6484/2025 में 1 सितंबर 2026 को पारित आदेश का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस आदेश में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय को कचरा भवन निर्माण के मामले में चार सप्ताह के भीतर नियमानुकूल निर्णय लेने का निर्देश दिया गया है।
कचरा भवन निर्माण और जमीन को लेकर उठाए सवाल
मनोज कुमार ने कहा कि अंचल अधिकारी, साहेबपुरकमाल के पत्रांक 1451, दिनांक 16 सितंबर 2026 के माध्यम से मुखिया, थाना पश्चिम को पत्राचार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त पत्राचार एक व्यक्ति के आवेदन के आधार पर किया गया, जो सरकारी नियमावली के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि खाता संख्या 2069, खेसरा संख्या 2245 गैरमजरुआ खास जमीन है और उक्त जमीन पर किसी व्यक्ति के नाम से जमाबंदी नहीं चल रही है।
2023 में एनओसी मिलने के बाद कराया गया था कचरा भवन का निर्माण
मनोज कुमार के अनुसार, अंचल अधिकारी, साहेबपुरकमाल के पत्रांक 1063, दिनांक 19 जुलाई 2023 के माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद WPU (कचरा भवन) का निर्माण कराया गया था। उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर 2023 को तत्कालीन जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने इसका उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद से ही यहां स्वच्छता कर्मी कार्यरत हैं।

जनवरी 2026 से मजदूरी लंबित होने का आरोप
धरना के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों की लंबित मजदूरी का अविलंब भुगतान करने की मांग राज्य सरकार से की गई। धरना को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाकपा नेता प्रताप नारायण सिंह ने कहा कि जनवरी 2026 से अब तक स्वच्छता कर्मियों का भुगतान नहीं होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी लगातार सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में ‘भूखे भजन न होय गोपाला’ वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। धरना को पैक्स अध्यक्ष रतन कुमार पासवान ने भी समर्थन दिया। धरना में मोहम्मद गुलाम बक्शी, मोहम्मद शहजहां, मोहम्मद तबारक, मनोहर महतो, सुभाष महतो, नंदू महतो, राम प्रकाश राम, रणजीत राम, गढ़ों पासवान, पवन पासवान, नीतीश पासवान, रोशन कुमार, संतोष कुमार, ओम प्रकाश ठाकुर, दशरथ ठाकुर, लक्ष्मी देवी, बबीता देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Begusarai Locals
🔗जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के लिए निबंधन शुरू
🔗बेगूसराय में थाना से 500 मीटर पर अधेड़ को मारी गोली, मौत









