📍तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की दी गई सलाह

समाचार विचार/बखरी: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नवसृजित प्राथमिक विद्यालय चकचनरपत में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत “सुरक्षित शनिवार” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर सह फोकल शिक्षक मो. फैयाज अहमद ने किया। जागरूकता कार्यक्रम में बढ़ती गर्मी और “लू” के प्रकोप से बचाव को लेकर बच्चों को जागरूक किया गया। बच्चों को सलाह दी गई कि भीषण गर्मी और तेज धूप में बिना आवश्यक कारण घर से बाहर न निकलें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो खाली पेट न जाएं तथा पर्याप्त पानी पीकर ही निकलें। सिर पर गीला तौलिया या गमछा रखने, टोपी पहनने, छाता और काला चश्मा उपयोग करने की भी सलाह दी गई। बच्चों को बताया गया कि गर्मी के मौसम में हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें तथा जूता या चप्पल अवश्य पहनें। “लू” से पीड़ित व्यक्ति के शरीर में पानी की कमी हो जाती है, इसलिए उसे ठंडा पानी, नींबू पानी, आम का पन्ना, शरबत और ओआरएस आदि देते रहना चाहिए। साथ ही सुपाच्य भोजन, खीरा, ककड़ी और तरबूज जैसे फल खाने की सलाह दी गई। चाय, कॉफी, मांस, मछली और मदिरा से परहेज करने की बात भी कही गई। इस दौरान देव कुमार और रोहण कुमार ने “लू” से पीड़ित व्यक्ति की सहायता पर आधारित बेहतरीन रोल प्ले प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित करते हुए जागरूकता फैलाया। मौके पर प्रधान शिक्षक राम कुमार सहनी, सुरेश कुमार, ममता कुमारी, विकास पासवान, मनोहर कुमार, कृष्ण कुमार पंडित, कु. वंदना तथा बाल प्रेरक अलका, प्रतीक, विशाल, प्रियांशु सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Begusarai Locals
📍जून में होगा महासंग्राम: बेगूसराय में आयोजित होगी 24वीं जिलास्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता
📍अपहरण का आरोप झूठा निकला, पुलिस ने राहुल को सकुशल किया बरामद






