📍 डॉ. चंदन की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से क्षेत्र में है गर्व और खुशी का माहौल
📍अकादमिक जगत के साथ-साथ नीति-निर्माण के क्षेत्र में भी उपयोगी होगा यह शोध

समाचार विचार/बेगूसराय: जिले के अझौर गांव निवासी डॉ. चंदन जायसवाल ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से राजनीति विज्ञान विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त कर अपने परिवार, गांव एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। डॉ. चंदन जायसवाल, अझौर पंचायत के पूर्व मुखिया निरंजन प्रसाद जायसवाल एवं किरण जायसवाल के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपना शोध कार्य डॉ. मनोज कुमार, उप परीक्षा नियंत्रक, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
अकादमिक जगत के साथ-साथ नीति-निर्माण के क्षेत्र में भी उपयोगी होगा यह शोध
उनका शोध कार्य राजनीति विज्ञान, स्थानीय स्वशासन एवं पंचायती राज व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित है। शोध के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण लोकतंत्र, जनभागीदारी और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन किया है। यह शोध कार्य अकादमिक जगत के साथ-साथ नीति-निर्माण के क्षेत्र में भी उपयोगी माना जा रहा है। डॉ. चंदन जायसवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता निरंजन प्रसाद जायसवाल की जनसेवा की भावना और माता किरण जायसवाल के त्याग, स्नेह एवं आशीर्वाद ने उन्हें सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने दिवंगत दादा स्वर्गीय सतीश प्रसाद जायसवाल के आदर्शों एवं संस्कारों को अपनी सफलता की नींव बताते हुए श्रद्धापूर्वक स्मरण किया तथा दादी गीता देवी के आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताया।

सहयोग, विश्वास और उत्साहवर्धन ने हर कठिन परिस्थिति में बढ़ाया मनोबल
डॉ. चंदन जायसवाल ने अपने शोध-निर्देशक डॉ. मनोज कुमार के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, विद्वत्तापूर्ण सुझावों और निरंतर सहयोग ने शोध कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने चाचा पंकज जायसवाल (सहकारिता पदाधिकारी) एवं चाची श्रुति जायसवाल के स्नेह, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के प्रति भी विशेष कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही उन्होंने अपने बड़े भाई राजेश जायसवाल तथा छोटे भाई अंकित जायसवाल का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, विश्वास और उत्साहवर्धन ने हर कठिन परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया।

डॉ. चंदन की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से क्षेत्र में है गर्व और खुशी का माहौल
इस उपलब्धि पर गांव अझौर, बेगूसराय जिले तथा क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. चंदन जायसवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी शिक्षा, अनुसंधान एवं समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर अपने गांव, जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे। डॉ. चंदन जायसवाल ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के विकास और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त साधन है। उन्होंने भविष्य में भी ज्ञान, शोध और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
Begusarai Locals
📍अनुशासन, कड़ा संघर्ष और टीम वर्क का पर्याय है खेल: डॉक्टर संजय कुमार
📍आदेश: अब बरौनी रिफाइनरी के पास नहीं कर सकेंगे आंदोलन





