📍चिन्हित कटाव प्रभावित तटबंधों की सुरक्षा के लिए हो रहे हैं प्रभावी उपाय
📍बाढ़ के दौरान निजी नाव चालकों पर ही रहेगी निर्भरता
समाचार विचार/साहेबपुरकमाल: गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए साहेबपुरकमाल प्रखंड में बाढ़ पूर्व तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा पूर्व से चिन्हित कटाव प्रभावित तटबंधों की सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कराया जा रहा है। मोगलसराय, समस्तीपुर, बहलोरिया, ज्ञानटोला, छरापट्टी, मल्हीपुर, शालीग्रामी एवं रघुनाथपुर सहित कई संवेदनशील स्थलों पर उजले बालू से भरी बोरियां रखी गई हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कटाव रोकने और तटबंधों को सुरक्षित करने का कार्य किया जा सके।
तटबंधों पर अतिक्रमण करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
हालांकि, कई स्थानों पर तटबंधों पर अतिक्रमण कर झोपड़ियां बना ली गई हैं, पशु बांधे जा रहे हैं तथा मिट्टी काटे जाने से तटबंध कमजोर हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बाढ़ के दौरान तटबंधों पर खतरा बढ़ सकता है। जल संसाधन विभाग के अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा को लेकर सभी चिन्हित कमजोर स्थलों पर मरम्मत और निगरानी का कार्य लगातार जारी है। वहीं अंचलाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश मिलते ही तटबंधों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ के दौरान निजी नाव चालकों पर ही रहेगी निर्भरता
सीओ ने यह भी कहा कि सरकारी स्तर पर अभी एक भी नाव उपलब्ध नहीं कराई गई है। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों के सुरक्षित आवागमन और राहत कार्य के लिए फिलहाल निजी नाव चालकों के सहयोग पर ही निर्भर रहना पड़ेगा। ऐसे में समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर प्रशासन का विशेष जोर है, ताकि संभावित बाढ़ के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Begusarai Locals
📍आयोजन: गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ विधि महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह
📍बेगूसराय में हथियार लहरा रहे युवक को ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले






