बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित सिहमा में साईं की रसोई का स्वास्थ्य शिविर: 200 से अधिक लोगों की जांच

बेगूसराय
📌 बेगूसराय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया इलाज, बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान; मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी मिलीं
📌मौसम, जलजनित रोग और संक्रमण की हुई जांच

बेगूसराय बाढ़ राहत

समाचार विचार/बेगूसराय: बाढ़ प्रभावित लोगों की मुश्किलों के बीच सामाजिक संस्था ‘साईं की रसोई, बेगूसराय’ ने रविवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 स्थित सिहमा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर मानव सेवा की मिसाल पेश की। एक दिवसीय शिविर में 200 से अधिक महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शिविर का उद्घाटन
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन स्थानीय निगम पार्षद नीलम देवी, प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. एन. राय एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बुलबुल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर निगम पार्षद नीलम देवी ने कहा कि बाढ़ के बाद सिहमा क्षेत्र के लोग विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे कठिन समय में साईं की रसोई द्वारा राहत और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मानव सेवा की अनुकरणीय मिसाल है। जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की यह पहल बेहद सराहनीय है।
बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष जोर
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. एन. राय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलजमाव और मौसम में बदलाव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण का कारण बन सकती है। शिविर में बच्चों की जांच के साथ अभिभावकों को जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई। वहीं, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बुलबुल ने कहा कि महिलाएं अक्सर पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करती हैं। आपदा की स्थिति में उनकी परेशानियां और बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है।
बेगूसराय बाढ़ राहत
मौसम, जलजनित रोग और संक्रमण की हुई जांच
शिविर में डॉ. पी. एन. राय, डॉ. बुलबुल और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. आशुतोष ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मौसम जनित बीमारियों, जलजनित रोगों, त्वचा संक्रमण, बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं और महिलाओं से संबंधित रोगों पर विशेष ध्यान दिया गया। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
एनएसएस स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना
रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभिषेक शर्मा एवं एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. सुमन कुमारी ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना अत्यंत सराहनीय सामाजिक पहल है। एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी युवाओं की सेवा भावना, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और मानवीय संवेदना का विकास करते हैं।
बेगूसराय बाढ़ राहत
दवा वितरण में आर. डी. फार्मा और फार्मा लिंक का सहयोग
मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराने में आर. डी. फार्मा के प्रोपराइटर दीपक जायसवाल एवं फार्मा लिंक के प्रोपराइटर अमितेश जायसवाल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्था की टीम ने दोनों सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाढ़ की आपदा में दवाइयों का यह सहयोग जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ।
चिकित्सकों और सेवाभावी लोगों का मिल रहा सामूहिक सहयोग
साईं की रसोई के इस स्वास्थ्य सेवा अभियान में ‘द धुरंधर ऑफ बेगूसराय’ के सम्मानित चिकित्सकों सहित कई सेवाभावी लोगों का निरंतर सहयोग मिल रहा है। चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और सहयोगकर्ताओं द्वारा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत एवं चिकित्सा सुविधा पहुंचाने में मदद मिल रही है।
बेगूसराय बाढ़ राहत
छात्र वॉलंटियर्स ने संभाली व्यवस्था
शिविर के सुचारू संचालन में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र वॉलंटियर्स रोहित राज, आयुष कुमार, राजू कुमार, मयंक राज पंडित, प्रदीप कुमार एवं आनंद आशीष ने तत्परता और सेवा भावना के साथ सराहनीय योगदान दिया। आयोजन को सफल बनाने में साईं की रसोई के संस्थापक सदस्य नितेश रंजन, खाद्य मंत्री पंकज कुमार, सक्रिय सदस्य राघव कुमार, प्रभाकर प्रताप सिंह, आहान गुप्ता, प्रशांत कुमार, शंकर कुमार, विक्की भाटिया, शैलेंद्र, रंजन कुमार, सुमित कुमार एवं बैभव अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गणमान्य लोगों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में दीना सिंह, सुदर्शन सिंह, कौशल किशोर सिंह, युवा नेता माधव कुमार तथा महिला विकास मंच की संयोजक वंदना रंजन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाढ़ पीड़ितों के बीच साईं की रसोई द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं स्वास्थ्य सेवा अभियान की सराहना की। संस्था की टीम ने कहा कि बाढ़ राहत अभियान केवल संस्था का प्रयास नहीं, बल्कि चिकित्सकों, युवाओं, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सेवाभावी लोगों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। टीम का लक्ष्य है कि बाढ़ से प्रभावित अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक राहत, स्वास्थ्य सेवा और आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।
Begusarai Locals
📍प्रेमिका शादी से मुकरी तो प्रेमी ने दी जान, बॉडी के हुए दस टुकड़े
📍सात वर्षों से मानवता की मिसाल: साईं की रसोई ने मनाया स्थापना दिवस

 

समाचार विचार को सहयोग करें

Share this post:

खबरें और भी हैं...