➡️सबिया खातून के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग हुई तेज
➡️आंदोलनकारियों ने बलिया डीएसपी और अनुसंधानकर्ता की भूमिका पर उठाए सवाल

समाचार विचार/बेगूसराय: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत “पंचवीर युवा संघर्ष मोर्चा” के द्वारा साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर गांव निवासी 72 वृद्ध महिला सबिया खातून की निर्मम तरीके से की गई हत्या के बाद उसे और उसके परिजनों को इंसाफ दिलाने के लिए समाहरणालय बेगूसराय के दक्षिणी द्वार पर पांच सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। आंदोलन की तर्ज पर आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इन दिनों साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र अपराधियों के तांडव से थर्राया हुआ है, लेकिन पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने में विफल है। साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में चार बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है, लेकिन पुलिस एक भी मामले का उद्भेदन नहीं कर पाई है, जो पुलिस के इकबाल पर सवाल उठा रहा है। अपराधी लगातार जघन्य वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में लगातार विफल साबित हो रही है। बीते 17 मई की रात को पंचवीर निवासी 72 वर्षीय वृद्ध महिला साबिया खातुन अपने घर में अकेली सोई हुई थी। अपराधियों ने उसकी बड़े निर्मम तरीके से हत्या कर दी थी, जिससे स्थानीय लोगों में गम और गुस्सा देखा जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा इस घटना का उद्भेदन नहीं करना पुलिस की विफलता का परिचायक है।

आंदोलनकारियों ने बलिया डीएसपी और अनुसंधानकर्ता की भूमिका पर उठाए सवाल
धरना प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी बेगूसराय और पुलिस अधीक्षक बेगूसराय को पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा, जिसमें कांड सं०- 141/25 की अनुसंधानकर्ता एस० आई० सुषमा रानी को इस केस से अलग किया जाए, इस कांड से बलिया डीएसपी नेहा कुमारी को अलग किया जाए, इस कांड के सभी आरोपीयों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए आरोपीयों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाया जाए और साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे अपराधियों वारदात को रोकने में विफल थानाध्यक्ष पर अविलंब कारवाई सुनिश्चित किया जाए। आंदोलनकारियों ने उपरोक्त सभी मांगों पर एक निश्चित समय सीमा के अंदर कारवाई करने की मांग किया।
धरना प्रदर्शन में इनलोगों की रही मौजूदगी
इस मौके पर पंचवीर युवा संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष मो० नाजिस, भगत सिंह युथ फाउंडेशन के निदेशक शाहिद इकबाल अतहर अध्यक्ष मो० हसन, रविकांत सिंह, शम्भू सिंह, पूर्व मुखिया ललिता देवी, नंदकिशोर प्रसाद सुमन, मो० माजिद, मो० नाजिम, मो० दानिश, नजरे आलम, मो० सरवर, अशरफी, सीपीआई नेता अनिल अंजान, सीपीएम जिला सचिव दिवाकर प्रसाद, अंजनी कुमार सिंह, राजद अल्पसंख्यक सेल के जिलाध्यक्ष मो० मकबूल, जनसुराज नेता मो० सैफी मुमताज ऊर्फ जुम्मन, मो० नुरूल्लाह सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।





