जयमंगला वाहिनी के 8वें स्थापना दिवस पर दिखी सेवा और समर्पण की मिसाल

🥇जयमंगला वाहिनी के समारोह में 700 से अधिक रक्तवीरों का सम्मान
🎯 थैलेसीमिया के खिलाफ बड़ा संकल्प

जयमंगला वाहिनी

समाचार विचार | बेगूसराय
समाजसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय जयमंगला वाहिनी परिवार का 8वां स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह रतनपुर स्थित स्प्लैश बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। समारोह में रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने वाले 700 से अधिक रक्तवीरों, रक्तवीरांगनाओं, सहयोगियों एवं पत्रकार बंधुओं को उनकी तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान, अंगदान और देहदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ थैलेसीमिया के खिलाफ जागरूकता अभियान को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन खुशी मिश्रा, सुमित कुमार एवं संदीप कुमार ने किया। समारोह में दिनकर कोचिंग सेंटर, विहान एकेडमी एवं न्यू मॉडल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
रक्तदान से लेकर अंगदान तक, समाजसेवा का संकल्प
स्थापना दिवस समारोह के दौरान समाजसेवा, सांस्कृतिक विरासत और गौ-रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान ‘जीते जी रक्तदान, मरने के बाद अंगदान एवं देहदान’ के अभियान को और गति देने का संकल्प दोहराया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने रक्तवीरों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पांच हजार से अधिक लोगों की जान बचाने के लिए रक्तदान अभियान का हिस्सा बनना अपने आप में बड़ी बात है। समाज ऐसे ही समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रयासों से बेहतर दिशा में आगे बढ़ता है।

जयमंगला वाहिनी

मेयर और पूर्व मेयर भी हुए सम्मानित
जयमंगला वाहिनी परिवार की ओर से मेयर पिंकी देवी एवं पूर्व मेयर संजय कुमार को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व मेयर ने कहा कि बेगूसराय के बारे में जो लोग गलत धारणा रखते हैं, उन्हें जयमंगला वाहिनी परिवार के युवाओं से मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन युवाओं के सामाजिक कार्यों को देखकर बेगूसराय को लेकर बनी गलत सोच बदल सकती है।वहीं, डॉ. रंजन चौधरी ने महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने खानपान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि वे भी रक्तदान जैसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान की अपील
समारोह में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि बेगूसराय जिले में 110 और पूरे बिहार में पांच हजार से अधिक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे हैं। ऐसे बच्चों के लिए नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। इसे देखते हुए लोगों से रक्तदान करने और थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए आगे आने की अपील की गई। जयमंगला वाहिनी के उपाध्यक्ष सुजीत कुमार ने थैलेसीमिया की रोकथाम को लेकर जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने विवाह से पूर्व हीमोग्लोबिन ए2 (HbA2) टेस्ट कराने की बात कही। उनके अनुसार, आवश्यक चिकित्सकीय जांच और जागरूकता के माध्यम से थैलेसीमिया से संबंधित जोखिमों की पहचान करने और इसकी रोकथाम की दिशा में कदम उठाने में मदद मिल सकती है।

जयमंगला वाहिनी

700 से अधिक रक्तवीरों और सहयोगियों का सम्मान
समारोह में रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले अनेक लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इनमें मेयर पिंकी देवी, पूर्व मेयर संजय सिंह, बाइट कंप्यूटर के निदेशक संजय सिंह, उप मेयर अनिता राय, डॉ. पुतुल, डॉ. आनंद वत्स, डॉ. रंजन चौधरी, स्प्लैश बैंक्वेट हॉल के मालिक पुष्कर गौतम, बिहारी लाल स्वीट्स के मालिक अमित सिन्हा, सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल के निदेशक अभिषेक कुमार सहित कई लोग शामिल रहे। इसके अलावा रोटरी ब्लड सेंटर, राष्ट्रकवि दिनकर रक्त केंद्र और मीरा ब्लड बैंक सहित रक्तदान अभियान से जुड़े सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। चंद्रमौली वत्स, रंजना, उज्ज्वल, राजीव कुमार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सिंह, रौशन कुमार, संजय गौतम, गुलशन कुमार, मनोज वत्स सहित अन्य लोगों को भी सम्मान मिला।
सामाजिक सेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में जयमंगला वाहिनी परिवार के अध्यक्ष महेश वत्स ने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों, रक्तवीरों, रक्तवीरांगनाओं, सहयोगियों, अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे मानवीय अभियान को लगातार आगे बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। जयमंगला वाहिनी परिवार आने वाले समय में भी रक्तदान, अंगदान, देहदान और थैलेसीमिया जागरूकता जैसे अभियानों के माध्यम से समाजसेवा के कार्यों को गति देता रहेगा।
Begusarai Locals
📍Begusarai Hotel Rape Case: बेगूसराय में होटल के कमरे में हैवानियत, दुष्कर्म कर वीडियो वायरल
📍पटना में पोस्टेड बेगूसराय के रवींद्र दिवाकर ने दिनकर की धरती को किया शर्मसार

 

 

 

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव टीवी