📍बेगूसराय के मटिहानी से तेघड़ा तक किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
📍Sood Charity Foundation की टीम ने जरूरतमंदों के बीच बांटा सूखा राशन और आवश्यक सामान
समाचार विचार/बेगूसराय: बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच बॉलीवुड अभिनेता और सामाजिक कार्यों के लिए चर्चित सोनू सूद मंगलवार को बेगूसराय पहुंचे। सोनू सूद अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्रों में पहुंचे और नाव पर सवार होकर जलमग्न इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों और बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। सोनू सूद के साथ भाजपा नेता आशुतोष कुमार भी मौजूद रहे। अभिनेता सबसे पहले मटिहानी प्रखंड के रामदीरी गांव पहुंचे। इसके बाद नाव से गंगा दियारा क्षेत्र के सीहमा गांव स्थित पथला टोला पहुंचे। चारों ओर बाढ़ के पानी से घिरे इस इलाके में उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों से बातचीत की तथा उनकी स्थिति को करीब से देखा।
रामदीरी और पथला टोला में बांटा सूखा राशन
राहत अभियान के दौरान सोनू सूद की टीम ने रामदीरी और पथला टोला में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन वितरित किया। इस दौरान सोनू सूद खुद अपनी टीम के सदस्यों को यह सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करते नजर आए कि कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत सामग्री से वंचित न रह जाए।इसके बाद सोनू सूद अपनी टीम के साथ तेघड़ा प्रखंड के अयोध्या घाट पहुंचे। यहां भी बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच खाद्य सामग्री और आवश्यक सामान का वितरण किया गया। बताया गया कि करीब 10 हजार बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई।
सोनू सूद ने सरकार से की स्थायी समाधान की मांग
बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात के दौरान सोनू सूद ने बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गरीब परिवारों को हर वर्ष जलप्रलय की परेशानी से न गुजरना पड़े, इसके लिए स्थायी इंतजाम किए जाने चाहिए। पत्रकारों से बातचीत में सोनू सूद ने बिहार के लोगों के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में मेहनत कर रहे हैं और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जब बिहार किसी आपदा से गुजर रहा हो, तो सक्षम लोगों का आगे आकर मदद करना उनका फर्ज है।उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों को लेकर कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है, लेकिन बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी व्यवस्था की आवश्यकता है। दियारा क्षेत्र में छोटे बच्चों और परिवारों को खाने-पीने की परेशानी में देखना बेहद दुखद है।
‘ईश्वर हमें जरिया बनाता है, हम मदद के लिए पहुंचते हैं’
लगातार जरूरतमंदों की मदद करने को लेकर पूछे गए सवाल पर सोनू सूद ने कहा कि ईश्वर चुनता है और वे सिर्फ एक जरिया हैं। जब तक ईश्वर उन्हें जरिया बनाता रहेगा, वे लोगों की मदद के लिए पहुंचते रहेंगे। उन्होंने कहा कि “एक बिहारी सौ पर भारी होता है” और बिहार के लोग अपनी मेहनत के दम पर दोबारा खड़े हो जाएंगे। मुश्किल समय में उनका हाथ थामना सभी का फर्ज है। बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री वितरण के बाद सोनू सूद लखीसराय के लिए रवाना हो गए।

जरूरतमंदों तक कैसे पहुंचती है सोनू सूद की चैरिटी?
सोनू सूद की चैरिटेबल संस्था Sood Charity Foundation शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में काम करने के लिए जानी जाती है। संस्था की ओर से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहायता, गंभीर बीमारियों के इलाज और सर्जरी में मदद सहित अलग-अलग प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जाती है। कोरोना महामारी के दौरान सोनू सूद की ओर से की गई मदद के बाद उनकी सामाजिक गतिविधियों को देशभर में व्यापक पहचान मिली। उनकी संस्था की गतिविधियों में जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने पर भी जोर दिया जाता है। बेगूसराय में सोनू सूद का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब गंगा के दियारा क्षेत्र के कई परिवार बाढ़ की परेशानी से जूझ रहे हैं। राहत अभियान के दौरान प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी जरूरतों को समझने और उन तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया गया।
यह खबर आपको कैसी लगी? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं। ऐसी ही स्थानीय और महत्वपूर्ण खबरों के लिए ‘समाचार विचार’ से जुड़े रहें।
Begusarai Locals
🔗जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के लिए निबंधन शुरू
🔗बेगूसराय में थाना से 500 मीटर पर अधेड़ को मारी गोली, मौत






