➡️जीरोमाइल स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण, रश्मिरथी-उर्वशी से युवाओं को मिलती है प्रेरणा
समाचार विचार/बेगूसराय: राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि पर गुरुवार को केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने जीरोमाइल स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। हिन्दी साहित्य के महान स्तंभ दिनकर जी को ओजपूर्ण व राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं के लिए जाना जाता है। उनकी कृतियाँ रश्मिरथी, उर्वशी और परशुराम की प्रतीक्षा आज भी युवाओं को प्रेरित करती हैं। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित दिनकर जी की रचनाओं में वीर रस, सामाजिक चेतना व स्वतंत्रता संग्राम की झलक मिलती है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि दिनकर जी की रचनाएं समाज को सही दिशा दिखाती हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है। इस मौके पर कई विद्यालयों-महाविद्यालयों में काव्य पाठ व संगोष्ठी हुई। कार्यक्रम में बीहट नगर मंडल अध्यक्ष यशस्वी आनंद, जिला उपाध्यक्ष सुमित सन्नी, जिला महामंत्री कुंदन भारती, हम जिलाध्यक्ष पियुष कुमार, माधव कुमार, शुभम कुमार, ललन कुमार, बीहट नगर मंडल महामंत्री विवेक कुमार, मंडल उपाध्यक्ष कंचन कुमार, मंडल मंत्री रविंद्र कुमार, शालीग्राम कुमार, चंदन कुमार व सुरेंद्र कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







