📍बारात से लौटते समय ईंट के ढेर से टकराई बाइक, एक गंभीर घायल
समाचार विचार/मंझौल: सोमवार को अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे स्टेट हाइवे-55 पर थाना क्षेत्र के पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप भीषण रोड एक्सीडेंट में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक साथ दो युवकों की मौत से खांजहांपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतकों की पहचान खांजहांपुर पंचायत के वार्ड-8 निवासी राजो रजक के 20 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और रामाश्रय यादव के 18 वर्षीय पुत्र रणवीर कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक इसी मुहल्ले के स्व. धर्मदेव महतो का 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार है। बताया जा रहा है कि खांजहांपुर निवासी उपेंद्र रजक के पुत्र नवीन रजक की शादी थी। तीनों युवक एक ही बाइक से चेरियाबरियारपुर बारात गए थे। वापसी के दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से चकमा खाकर सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक समेत दूर जा गिरे। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को सीएचसी चेरियाबरियारपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने कृष्णा और रणवीर को मृत घोषित कर दिया।

📍जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को बंधाया ढाढस
रोड एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल प्रिंस को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद शादी का माहौल गम में बदल गया। रणवीर पांच बहनों के बाद मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी मां और बहनों के करूण क्रंदन से पूरा गांव गमगीन हो गया। अर्थी उठते ही पूरे मुहल्ले की आंखें नम हो गईं। परिजनों के अनुसार बाइक कृष्णा चला रहा था। पीछे रणवीर और प्रिंस बैठे थे। एक ही मोहल्ले के तीनों युवकों के हादसे का शिकार होने से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। घटना की सूचना पर मुखिया ज्ञानकला सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद महतो समेत कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों से मिले और ढांढस बंधाया। मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तत्काल सहायता राशि दी। साथ ही आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए दिलाने का आश्वासन दिया और अनुमंडल प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

Begusarai Locals
📍राष्ट्रकवि दिनकर की पुण्यतिथि: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दी श्रद्धांजलि
📍बेगूसराय में राष्ट्रभक्त भामाशाह जयंती पर उमड़ेगा जन सैलाब






