📍अध्यात्म ही विश्व कल्याण का सशक्त माध्यम: गिरिराज सिंह
समाचार विचार/तेघड़ा: सच्चा बाबा आश्रम, गौरा में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के चौथे दिन श्रीराम कथा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा में माता पार्वती के प्रश्नों के उत्तर में भगवान शिव द्वारा श्रीराम के दिव्य चरित्र का रहस्योद्घाटन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।कथावाचक जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी रत्नेश प्रपन्ना जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान का अवतार केवल दुष्टों के विनाश के लिए नहीं, बल्कि धर्म की पुनर्स्थापना, भक्तों के कल्याण और आदर्श जीवन की स्थापना के लिए होता है। उन्होंने मनु-शतरूपा प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि सच्ची तपस्या और अटूट भक्ति से भगवान को भी भक्तों के सामने प्रकट होना पड़ता है।यज्ञशाला में आचार्य पंडित गंगाधर पांडे के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान निरंतर जारी है। प्रातःकालीन परिक्रमा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य अर्जित किया और वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। सच्चा बाबा के अमृत मंत्र “प्रभु आप जगो, परमात्मा जगो, सर्व जागो, सर्वस्व जागो, दुःखांतक खेल का अंत करो” की मधुर ध्वनि से पूरा गांव गुंजायमान है। हर ओर भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा की अद्भुत अनुभूति हो रही है।
रात्रि में आयोजित रासलीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति और प्रेम के सागर में डुबो दिया। भगवान श्रीकृष्ण की प्रेम, करुणा, भक्ति और पराक्रम का जीवंत मंचन किया गया, जिसमें बाल लीलाएं, गोपियों संग रास एवं कंस वध जैसे प्रसंगों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के सजीव अभिनय और मधुर संगीत ने वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।

अध्यात्म ही विश्व कल्याण का सशक्त माध्यम: गिरिराज सिंह
कार्यक्रम में पहुंचे सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि अध्यात्म विश्व कल्याण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठान समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं तथा मानवता को एक सूत्र में बांधते हैं।
इस अवसर पर स्वामी दयानंद श्री जी महाराज, स्वामी शैलेश बिहारी जी महाराज, सच्चा बाबा आश्रम के महंत हरी ओम ब्रह्मचारी जी महाराज, गौरा ठाकुरबाड़ी के महंत बाबा ब्रह्मचारी जी महाराज एवं संदीप दास सहित विभिन्न धर्मों से आए संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके सान्निध्य से पूरा आयोजन आध्यात्मिक तेज से आलोकित हो उठा।
विशाल पंडाल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ कथावाचक की अमृतवाणी सुनकर भक्तिरस में सराबोर नजर आई। पूरा गौरा गांव इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास में डूबा हुआ नजर आ रहा है।
Begusarai Locals
📍राष्ट्रकवि दिनकर की पुण्यतिथि: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दी श्रद्धांजलि
📍बेगूसराय में राष्ट्रभक्त भामाशाह जयंती पर उमड़ेगा जन सैलाब






