📍डीएम रिची पांडेय बोले- गांव-गांव तक खेल संस्कृति होगी मजबूत
📍 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों ने दिखाया दम
समाचार विचार/बेगूसराय: भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत बी.पी. इंटर विद्यालय, बेगूसराय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और खेल क्लबों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
डीएम, एसपी समेत अधिकारियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त आकाश कुमार, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार एवं विद्यालय की प्राचार्या कामिनी कुमारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। सभी अधिकारियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

‘गांव-गांव तक खेल को बढ़ावा देंगे’ : डीएम
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल समाज में एकता और अनुशासन का संदेश देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेगूसराय के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले व बिहार का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने पंचायत स्तर पर बने खेल मैदानों का सर्वे कराने और ग्रामीण स्तर से प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए शारीरिक शिक्षकों एवं खेल संघों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर कर खेलों से जोड़ने पर भी जोर दिया।
एसपी ने रोज एक घंटा खेल के लिए देने का लिया संकल्प
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन एक घंटा खेल को समर्पित करने तथा समाज में खेल के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

मेजर ध्यानचंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा : खेल पदाधिकारी
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने संघर्षों के बीच विश्व स्तर पर भारत को पहचान दिलाई और कई ओलंपिक स्वर्ण पदकों में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से मजबूत बनाता है तथा सभी से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
डीईओ ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने खिलाड़ियों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्व बताते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से योग प्रतियोगिता के प्रतिभागी अनुष्का कुमारी एवं सतराज कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिताओं में इन टीमों ने मारी बाजी
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
-
वॉलीबॉल (बालिका): बी.पी. उच्च विद्यालय ने ज्ञान भारती विद्यालय को 2-0 से हराया।
-
हैंडबॉल (बालक): टाउनशिप हैंडबॉल क्लब ने बीआरडीएवी पब्लिक स्कूल, बरौनी रिफाइनरी को 10-8 से पराजित किया।
-
हॉकी (बालिका): महात्मा गांधी उच्च विद्यालय ने परियोजना बालिका विद्यालय, बदलपुरा को 2-1 से हराया।
-
फुटबॉल (बालक): सरदार पटेल क्लब, बेगूसराय ने मटिहानी फुटबॉल क्लब को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से शिकस्त दी।
विजेता टीमों और शारीरिक शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं आयोजन को सफल बनाने वाले शारीरिक शिक्षकों को उप विकास आयुक्त ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सभी प्रतिभागियों के लिए खेल कार्यालय की ओर से पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

निर्णायकों और खेलकर्मियों की रही अहम भूमिका
फुटबॉल में रौशन कुमार राय, अमन कुमार एवं सुजीत कुमार, वॉलीबॉल में कृष्ण कुमार एवं अभिजीत कुमार मौजीद, हैंडबॉल में डब्लू कुमार एवं रुपेश कुमार तथा हॉकी में बाबुल कुमार एवं अरविंद कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार सहित कई शारीरिक शिक्षक एवं खेलकर्मी उपस्थित रहे।
Begusarai Locals
📍बेगूसराय में मक्के के खेत में मिला सब्जी विक्रेता का शव
📍धरोहर: गोली और बंदूक से ज्यादा है विरासत की ताकत















