-
प्रखंड के बलैठा और चोढली सहित सभी पंचायतों ने पेश की स्वच्छता की मिसाल
-
डीडीसी ने लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए की निरंतर सहयोग देने की अपील
समाचार विचार/खगड़िया: उपलब्धि: खगड़िया जिले का पहला ओडीएफ प्रखंड घोषित हुआ बेलदौर खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत बलैठा एवं चोढ़ली को ओडीएफ प्लस का मॉडल पंचायत घोषित करते हुए बेलदौर प्रखंड को जिले का प्रथम ओडीएफ प्रखंड बनने का गौरव हासिल हो गया। उद्घोषणा सह सम्मान समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए खगड़िया के उप विकास आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि जनभागीदारी एवं सामूहिक प्रयास से ही बेलदौर प्रखंड जिले का पहला ओडीएफ प्लस में मॉडल प्रखंड घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रखंडवासियों को बधाई देते हुए लोगों से अपील किया कि स्थानीय लोग नियमित और अनिवार्य रूप से स्वच्छता शुल्क देकर निरंतर सहयोग एवं अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर गांव को सुंदर एवं स्वच्छ बनाये रखें। डीडीसी श्री कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्यों ने स्वच्छता की महत्ता से लोगों को अवगत कराते इसे अपने दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। इसी क्रम में प्रखंड क्षेत्र के दो शेष बचे पंचायत बलैठा एवं चोढली को भी आमलोगों की सहमति से ओडीएफ प्लस घोषित कर दिया गया।













